बिजली संबंधित समस्याओं की शिकायत दर्ज कराने के लिए बिजलीकर्मियों के फोन नहीं उठाने की शिकायत के बाद अब जयपुर डिस्कॉम ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इससे उपभोक्ता अब आसानी से शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
झालावाड़ शहर एवं ग्रामीण तथा झालरापाटन शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में बिजली समस्या के समाधान के लिए खण्डिया पावर हाउस झालावाड़ एवं सहायक अभियंता कार्यालय झालरापाटन में हेल्पलाइन (कॉल सेंटर) की व्यवस्था की है। जयपुर डिस्कॉम के अधिशाषी अभियंता सी.पी. गुप्ता ने बताया कि झालावाड़ शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता हेल्पलाइन नम्बर 8000675281 तथा झालरापाटन शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता हेल्पलाइन नम्बर 9414026629 पर बिजली समस्या के निराकरण के लिए सम्पर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बिजली सप्लाई बंद होने पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
गुप्ता ने बताया कि व्यक्तिगत शिकायत पूर्व की भांति टोल फ्री नम्बर 18001806507 पर की जा सकेगी। झालावाड़ शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को प्रदर्शन कर बिजली समस्या के दौरान डिस्कॉम अभियंता और कार्मिकों के फोन नहीं उठाने की शिकायत दर्ज की थी। ऐसे में यह भी सामने आया था कि झालावाड़ शहर सहायक अभियंता उच्च अधिकारियों की भी नहीं सुनते हैं। इसके बाद अतिरिक्त जिला कलेक्टर को भी भाजपा पदाधिकारियों ने समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद बुधवार को हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।


